HEALTH NEWS : स्वस्थ किडनी ही स्वस्थ जीवन की मज़बूत नींव
1 min read
लेखक : डॉ. जमाल अहमद नसीरुद्दीन
मानव शरीर में किडनी एक अत्यंत महत्वपूर्ण अंग है। सामान्यतः प्रत्येक व्यक्ति के शरीर में दो किडनियाँ होती हैं, जो दिन-रात बिना रुके हमारे रक्त को साफ करने का कार्य करती हैं।
किडनी शरीर से विषैले पदार्थों और अतिरिक्त पानी को मूत्र के माध्यम से बाहर निकालती है, शरीर में पानी, नमक और अन्य खनिजों का संतुलन बनाए रखती है तथा रक्तचाप को नियंत्रित करने और लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
वर्तमान समय में किडनी रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। इसका प्रमुख कारण मधुमेह (डायबिटीज), उच्च रक्तचाप, मोटापा, धूम्रपान, तंबाकू का सेवन, दर्द निवारक दवाओं का लंबे समय तक बिना चिकित्सकीय सलाह के उपयोग तथा अस्वस्थ जीवनशैली है। दुर्भाग्यवश, किडनी की बीमारी शुरुआती अवस्था में अक्सर स्पष्ट लक्षण नहीं देती।
जब किडनी की कार्यक्षमता कम होने लगती है, तब शरीर में पैरों, टखनों या चेहरे पर सूजन, पेशाब की मात्रा में बदलाव, पेशाब में झाग या खून आना, लगातार थकान, भूख कम लगना, मतली, उल्टी, शरीर में खुजली, सांस फूलना तथा रक्तचाप का लगातार बढ़ा रहना जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसे किसी भी लक्षण को नज़रअंदाज़ नहीं करना चाहिए और तुरंत चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।
किडनी की बीमारी की पहचान के लिए समय-समय पर रक्त की जांच (सीरम क्रिएटिनिन), यूरिया, eGFR तथा मूत्र की जांच करानी चाहिए। जिन लोगों को मधुमेह, उच्च रक्तचाप या परिवार में किडनी रोग का इतिहास है, उन्हें नियमित जांच अवश्य करानी चाहिए।
किडनी को स्वस्थ रखने के लिए कुछ सरल आदतें अपनाना बहुत आवश्यक है। प्रतिदिन पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पानी पिएँ, संतुलित एवं पौष्टिक भोजन करें, नमक और अत्यधिक तैलीय भोजन का सेवन कम करें, नियमित व्यायाम करें, वजन नियंत्रित रखें, धूम्रपान और शराब से दूर रहें तथा बिना डॉक्टर की सलाह के दर्द निवारक दवाओं का लंबे समय तक सेवन न करें।
मधुमेह और उच्च रक्तचाप के रोगियों को अपनी दवाएँ नियमित रूप से लेनी चाहिए और डॉक्टर की सलाह के अनुसार जांच कराते रहना चाहिए।
यदि किडनी की बीमारी का समय पर पता चल जाए, तो उचित उपचार और जीवनशैली में बदलाव से इसे काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है और डायलिसिस या किडनी प्रत्यारोपण जैसी जटिल स्थितियों से बचा जा सकता है।
अंत में, मेरा सभी नागरिकों से आग्रह है कि किडनी रोग के प्रति जागरूक बनें और दूसरों को भी जागरूक करें। स्वस्थ जीवनशैली अपनाएँ, नियमित स्वास्थ्य जांच कराएँ और अपने शरीर द्वारा दिए गए संकेतों को कभी नज़रअंदाज़ न करें। स्वस्थ किडनी ही स्वस्थ जीवन की मज़बूत नींव है।
नोट – लेखक के अपने द्वारा संग्रहित निजी जानकारी हैं। किसी असत्य व अधूरी जानकारी के लिए लेखक स्वयं उत्तरदायी होगा।



