NavRatri : शारदीय नवरात्र के प्रथम दिवस पर प्रमुख धार्मिक स्थलों का अधिकारियों ने किया निरीक्षण
1 min read


रिपोर्ट – लोक दस्तक संवाददाता
मां कालिकन धाम, देवीपाटन मंदिर एवं स्वामी परमहंस टीकरमाफी आश्रम में व्यवस्थाओं का लिया जायजा
अमेठी, उप्र।
शारदीय नवरात्र के प्रथम दिवस पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शशांक चौधरी के निर्देश पर जनपद के प्रमुख धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों ने मंदिर परिसर में पार्किंग, सुरक्षा, साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में उप जिलाधिकारी अमेठी ने मां कालिकन धाम मंदिर एवं देवीपाटन मंदिर का निरीक्षण किया। वहीं, तहसीलदार अमेठी ने स्वामी परमहंस टीकरमाफी आश्रम पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही, वाहनों की पार्किंग, परिसर की साफ-सफाई तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक बिंदुओं की समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को निर्देशित किया कि नवरात्र के दौरान धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पार्किंग व्यवस्था सुव्यवस्थित रखी जाए, परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही, सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखते हुए श्रद्धालुओं के लिए सुगम एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी शशांक चौधरी के निर्देश पर नवरात्र के दौरान जनपद के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है, ताकि पर्व को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जा सके।
शारदीय नवरात्र के प्रथम दिवस पर मंदिरों व मेला स्थलों पर चला विशेष स्वच्छता अभियान
शारदीय नवरात्र के प्रथम दिवस पर जनपद में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा मच्छरजनित एवं संचारी रोगों की रोकथाम के उद्देश्य से जिलाधिकारी शशांक चौधरी के निर्देश पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत जनपद के प्रमुख मंदिरों, मेला स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई कराने के साथ ही एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हो सके और बीमारियों के प्रसार की आशंका को कम किया जा सके।
जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज त्यागी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन जनपद के प्रमुख मंदिरों एवं मेला क्षेत्रों में विशेष रूप से साफ-सफाई कराई गई। इसके साथ ही विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत पूर्व निर्धारित गांवों में भी सफाई अभियान चलाकर एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया।
उन्होंने बताया कि त्योहारों के दौरान धार्मिक स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से संबंधित क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही मच्छरों के प्रजनन पर नियंत्रण रखने और संचारी रोगों से बचाव के लिए आवश्यक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि जनपद में स्वच्छता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। संबंधित क्षेत्रों में साफ-सफाई एवं एंटी लार्वा छिड़काव के माध्यम से स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

