BREAKING NEWS : यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, डबल डेकर बनी बर्निग बस,9 यात्रियों की मौत, कई घायल
1 min read


रिपोर्ट – लोक दस्तक संवाददाता
ग्रेटर नोएडा, उप्र ।
यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में चलती स्लीपर डबल डेकर बस में भीषण आग लग गई। हादसा ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में दयानतपुर गांव के पास हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्री बस के अंदर फंस गए। हादसे में 9 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक बस दिल्ली से महोबा की ओर जा रही थी। हादसे के समय बस में करीब 35 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। आग लगने का पता चलते ही चालक ने बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया। इसके बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने खिड़कियों और दरवाजों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जबकि कुछ यात्री आग की चपेट में आ गए।
सूचना मिलते ही पुलिस, एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
सीएम ने हादसे का लिया संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने तथा घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। पीड़ित परिवारों से बात की और उनके प्रति संवेदना व्यक्त की।

