Lok Dastak

Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi.Lok Dastak

REPUBLIC DAY : तिरंगे की शान में गूंजा अमेठी, 77वां गणतंत्र दिवस पूरे जिले में धूमधाम से मनाया गया

1 min read
Spread the love

 

रिपोर्ट –  लोकदस्तक संवाददाता

अमेठी, उप्र ।

77वां गणतंत्र दिवस जनपद अमेठी में पूरे हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम कलेक्ट्रेट एवं पुलिस लाइन अमेठी में सम्पन्न हुए। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी ने तथा विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। वहीं पुलिस लाइन में आयोजित भव्य समारोह में राज्यमंत्री ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी संजय चौहान द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में प्रातः 08.30 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।उसके उपरांत राष्ट्रीय ध्वज का अभिवादन किया गया, तत्पश्चात राष्ट्रगान के उपरांत जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों/कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों को सामूहिक रूप से संविधान में उल्लिखित संकल्प दिलाया। इसके उपरांत विभिन्न विद्यालयों के बच्चों एवं एनसीसी कैडेट्स द्वारा परेड की सलामी ली।

इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित गोष्ठी के दौरान विद्यालय की छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए गए। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित गोष्ठी के दौरान जिलाधिकारी ने अपने सम्बोधन में समस्त अधिकारियों/कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों एवं जनपद वासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज ही के दिन संविधान अंगीकृत हुआ था आज पूरे देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है।

आज ही के दिन हमें नई पहचान मिली थी उसे हम सभी को संजोकर रखना है संविधान के महत्व को हम अपने जीवन में आत्मसात करें उसे साथ लेकर चलें यही हम सबकी देश के प्रति सच्ची देशभक्ति होगी।उन्होने कहा कि 26 जनवरी 1950 को हमारा देश लोकतांत्रिक गणराज्य बना। जिलाधिकारी ने कहा की हमारा संविधान विश्व का सबसे बडा संविधान है हमें अपने संविधान पर गर्व होना चाहिये, यह सबको बराबरी, स्वतंत्रता एवं समान अवसर प्रदान करता है।

हमें इस आजादी की रक्षा, देश व समाज का निर्माण, प्रेम तथा सद्भावना व मेलजोल से रहना तथा सभी धर्मो का आदर करते हुए देश में अशांति और अराजकता फैलाने वाली शक्तियों के नापाक इरादों को पराजित करना होगा। उन्होंने कहा कि हम सभी को जो भी दायित्व दिए गए हैं उनका निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करें।

कलेक्ट्रेट सभागार में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को किया सम्मानित

जिलाधिकारी ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों क्रमशः अशोक कुमार द्विवेदी, राजेश कुमार सिंह, परमानंद मिश्रा, संजय सिंह व श्याम सुंदर गुप्ता को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही सराहनीय कार्य करने वाले दो आपदा मित्रों शिवलाल शुक्ला एवं आरती को प्रशस्ति पत्र एवं अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

पुलिस लाईन में राज्यमंत्री ने ध्वजारोहण कर परेड की ली सलामी

प्रातः 9.30 बजे पुलिस लाइन अमेठी में राज्यमंत्री संसदीय कार्य चिकित्सा शिक्षा चिकित्सा स्वास्थ्य परिवार कल्याण तथा मातृ एवं शिशु कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश मयंकेश्वर शरण सिंह जी ने ध्वजारोहण किया तथा परेड की सलामी ली। वहीं पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के नेतृत्व में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस के अधिकारियों, कर्मचारियों को शील्ड व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया तत्पश्चात राष्ट्रगान के उपरांत उपस्थित अधिकारियों/कर्मचारियों को संकल्प दिलाया। इसके अलावा जिला मुख्यालय एवं पूरे जिले में शासकीय एवं अशासकीय स्तर पर गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र/छात्राओं और विशेषकर युवा वर्ग ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह, समस्त उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष सहित अन्य संबंधित मौजूद रहे।

गणतंत्र दिवस पर जिला चिकित्सालय में कन्या जन्म उत्सव का किया गया आयोजन

गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर जिलाधिकारी संजय चौहान के दिशा-निर्देशन में महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित चाइल्ड हेल्पलाइन ने जिला चिकित्सालय में कन्या जन्म उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर नवजात बालिकाओं के जन्म पर उनके अभिभावकों को बेबी किट, प्रशस्ति पत्र एवं मिठाई भेंट कर सम्मानित किया गया।

चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि महिला कल्याण विभाग द्वारा कन्या भ्रूण हत्या को रोकने एवं समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से निरंतर इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कन्या जन्म उत्सव के माध्यम से जन्म लेने वाली बालिकाओं के अभिभावकों को सम्मानित कर ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का संदेश जन-जन तक पहुँचाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बेटियों का जन्म उत्सव का विषय है और ऐसे कार्यक्रम समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ बालिकाओं के सम्मान व संरक्षण को भी सशक्त बनाते हैं। कार्यक्रम में रुचि सिंह, रोशन लाल, सुधा श्रीवास्तव एवं मलिक मोहम्मद जायसी सहित जिला अस्पताल असैदापुर के समस्त चिकित्सकीय व सहायक स्टाफ उपस्थित रहे।

 

Copyright ©2022 All rights reserved | For Website Designing and Development call Us:-8920664806
Translate »