Lok Dastak

Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi.Lok Dastak

AMETHI UPDATE : सेवा संकल्प अभियान के तहत 262 दिव्यांगजनों को वितरित किए गए कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण

1 min read
Spread the love

 

रिपोर्ट – लोक दस्तक संवाददाता 

526 लाभार्थियों को शादी अनुदान योजना का मिला लाभ, 5 लाभार्थियों को वितरित किए गए स्वीकृति प्रमाण-पत्र

अमेठी, उप्र ।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकास भवन परिसर में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण तथा शादी अनुदान योजना के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य मंत्री, संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा मातृ एवं शिशु कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश शासन मयंकेश्वर शरण सिंह ने की। कार्यक्रम में विधायक गौरीगंज राकेश प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मा. राज्य मंत्री जी ने जनपद के 262 दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग/सहायक उपकरण वितरित किए गए।

इनमें 39 हियरिंग एड, 02 एमआर किट, 28 वैशाखी, 153 ट्राईसाइकिल, 43 व्हील चेयर, 21 वॉकिंग स्टिक (छड़ी) एवं 43 स्मार्ट केन शामिल हैं। सहायक उपकरण प्राप्त कर दिव्यांगजनों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। उपकरणों के माध्यम से उन्हें दैनिक जीवन में आवागमन एवं अन्य आवश्यक कार्यों में अधिक सुविधा प्राप्त होगी। इसी क्रम में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की शादी अनुदान योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक कुल 526 लाभार्थियों को प्रति लाभार्थी 20 हजार रुपये की दर से लाभान्वित किया जा चुका है।

कार्यक्रम में इनमें से 5 लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही ओ लेवल/सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत भारत सरकार के नीलिट (NIELIT) द्वारा आयोजित ओ लेवल/सीसीसी परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने वाले 5 प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस पहल से युवाओं को कंप्यूटर संबंधी दक्षता विकसित करने तथा रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।

इस अवसर पर राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने लाभार्थियों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शी एवं प्रभावी प्रक्रिया के माध्यम से समाज के गरीब, दिव्यांग, कमजोर वर्ग एवं महिलाओं तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पात्र व्यक्ति किसी भी कल्याणकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

Copyright ©2022 All rights reserved | For Website Designing and Development call Us:-8920664806
Translate »