Allegation of demanding a bribe : महिला ने नवजात की मौत के बाद रुपये मांगने का लगाया आरोप
1 min read


रिपोर्ट – विजय शुक्ला (लोक दस्तक संवाददाता )
अस्पताल कर्मियों पर अभद्रता और लापरवाही की शिकायत
अमेठी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शुकुल बाजार में प्रसव के बाद नवजात की मौत का मामला सामने आया है। मृत नवजात की मां ने अस्पताल कर्मियों पर प्रसव की सफाई और दवा के नाम पर रुपये मांगने, अभद्रता करने तथा इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए शिकायत की है।
महिला का आरोप है कि प्रसव के दौरान और उसके बाद अस्पताल में उससे रुपये की मांग की गई। नवजात की मौत के बाद मामले को लेकर परिजनों में नाराजगी है। महिला ने पूरे प्रकरण की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पूरे बल्दू पांडे ऊंचगांव निवासी तारावती पत्नी दिनेश ने 30 सितंबर को सीएचसी अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।महिला के मुताबिक, वह 29 सितंबर की सुबह करीब सात बजे 108 एंबुलेंस से सीएचसी पहुंची थी। करीब 8:30 बजे प्रसव हुआ और बच्चा जीवित पैदा हुआ। इसके बाद नवजात की मौत हो गई।
महिला ने रूपये मांगने का लगाया आरोप 
आरोप है कि प्रसव के बाद सफाई के नाम पर 200 रुपये तथा नर्स द्वारा 2500 रूपये प्रसव के नाम मांगे गए। रुपये देने में असमर्थता जताने पर अभद्रता कर बाहर जाने को कहा गया। महिला ने दोबारा सीएचसी न आने की बात कहकर भेजने का भी आरोप लगाया है।
बोले जिम्मेदार अधिकारी
सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुधीर वर्मा ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में तथ्य सामने आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

