Lok Dastak

Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi.Lok Dastak

Public hearing by the DM : जनसुनवाई में जिलाधिकारी ने सुनीं शिकायतें, समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

1 min read
Spread the love

 

रिपोर्ट -लोकदस्तक संवाददाता 

अमेठी, उप्र ।

जिले के कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने भूमि विवाद, राजस्व, विकास, चिकित्सा तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कीं।

जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान हो, इसलिए सभी अधिकारी जनसुनवाई में प्राप्त प्रार्थना पत्रों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करें।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी शिकायत के निस्तारण में लापरवाही या अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। साथ ही अधिकारियों से कहा कि शिकायतकर्ता को निस्तारण की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि लोगों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो।

जनसुनवाई में बिजली समस्या का हुआ त्वरित समाधान, डीएम के निर्देश पर बदला गया ट्रांसफार्मर, विद्युत आपूर्ति हुई बहाल, ग्रामीणों ने जताया आभार।

जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के प्रति प्रतिबद्ध जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने जनसुनवाई के दौरान प्राप्त एक विद्युत संबंधी शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके परिणामस्वरूप कुछ ही समय में समस्या का समाधान कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई।

बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान विकासखंड अमेठी के ग्राम पश्चिम दुआरा निवासी विवेक अपनी शिकायत लेकर जिलाधिकारी के समक्ष उपस्थित हुए। उन्होंने शिकायती पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि उनके गांव में विगत लगभग आठ दिनों से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। गांव का ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पूरे क्षेत्र में बिजली नहीं आ रही थी, जिससे ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने अधीक्षण अभियंता विद्युत को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में विद्युत विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम पश्चिम दुआरा में खराब पड़े ट्रांसफार्मर को बदलवाया तथा विद्युत आपूर्ति को पुनः सुचारू कर दिया।

शिकायतकर्ता – विवेक 

बिजली बहाल होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।  विद्युत आपूर्ति बहाल होने के बाद शिकायतकर्ता विवेक ने जिलाधिकारी एवं विद्युत विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी समस्या का त्वरित समाधान होने से पूरे गांव को राहत मिली है।

 

 

Copyright ©2022 All rights reserved | For Website Designing and Development call Us:-8920664806
Translate »