AMETHI UPDATE : बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध – जिलाधिकारी
1 min read


रिपोर्ट – लोक दस्तक संवाददाता
अमेठी, उप्र।
महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत शनिवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय, गौरीगंज में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिका जन्म के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना तथा समाज में बेटियों के सम्मान एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, जिलाधिकारी शशांक चौधरी एवं मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू ने संयुक्त रूप से 21 नवजात बालिकाओं की माताओं को बेबी किट, कंबल, ऊनी वस्त्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने कहा कि कन्या जन्मोत्सव केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में बेटियों के प्रति सम्मान, समानता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री जी के निर्देशों के क्रम में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के माध्यम से बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
शिक्षित एवं सशक्त बेटियां ही विकसित समाज और मजबूत राष्ट्र की आधारशिला होती हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने कहा कि जब सरकार की मंशा और नीयत जनकल्याण के प्रति स्पष्ट होती है तो उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के कल्याण के लिए अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव समाज में देखने को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान ने बालिका जन्म के प्रति समाज की सोच में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है। आज परिवार बेटियों की शिक्षा और उनके भविष्य को लेकर अधिक जागरूक हुए हैं। उन्होंने कहा कि बेटियां परिवार, समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं तथा उनके सम्मान और सशक्तिकरण के लिए सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों द्वारा महिला एवं बाल विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। लाभार्थी परिवारों को बालिकाओं के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं सुरक्षा से जुड़ी सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बी.पी. अग्रवाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी वीरेंद्र प्रताप वर्मा, चाइल्ड हेल्पलाइन के कोऑर्डिनेटर गौरव श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी, स्वास्थ्य कर्मी एवं लाभार्थी परिवार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन नवजात बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाओं के साथ हुआ।

