पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी को लेकर कांग्रेस का मोदी सरकार पर बड़ा हमला
1 min read

पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी को लेकर कांग्रेस का मोदी सरकार पर बड़ा हमला
लखनऊ (लोकदस्तक ब्यूरो)।
कांग्रेस पार्टी देश के नागरिकों को महंगे दामों पर डीजल और पेट्रोल उपलब्ध कराने वाली केंद्र सरकार की अनुचित नीति का लगातार मुखर विरोध कर रही है। प्रदेश कांग्रेस पार्टी ने आज फिर पेट्रोलियम मूल्य वृद्धि को लेकर मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला है।प्रदेश
कांग्रेस प्रवक्ता विकास श्रीवास्तव ने कहा है कि कच्चे तेल के वैश्विक मूल्यों में 32% की गिरावट के बावजूद मोदी सरकार देश की जनता को महंगा तेल उपलब्ध करा रही है। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे ने भी भारत देश में डीजल और पेट्रोल के बेतहाशा मूल्य के संदर्भ में अभी हाल में ही मोदी सरकार को चेताते हुए अपने आंकड़े और तथ्य प्रस्तुत किया था। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विकास श्रीवास्तव ने जोर देकर कहा कि अपने ही देश में नागरिकों के साथ इस प्रकार मुनाफाखोरी कमाना अमानवीय और देश के नागरिकों को इस भयंकर महंगाई और बेरोजगारी के दौर में आर्थिक चोट पहुंचाने के समान है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता विकास श्रीवास्तव ने बताया कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस लगातार पत्राचार के माध्यम से केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी से लगातार विरोध जता रही है। प्रदेश कांग्रेस जनव्यथा निस्तारण समिति ने इस संदर्भ में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री को कई पत्र भेजा है। कांग्रेस पार्टी ने पेट्रोलियम मंत्री से मांग किया है कि केंद्र सरकार रूस से सस्ता कच्चा तेल खरीद करके जिन रिफाइनरी कंपनियों को तेल शोधन और बिक्री के लिए दे रहीं है , उसी तेल को यूरोप और अमेरिका को बिक्री करके उनके द्वारा कमाए गए भारी मुनाफे पर विंडफाल टैक्स लगाया गया था , किंतु पेट्रोलियम और डीजल के मूल्य में कमी करके इस विंडफाल टैक्स का लाभ देशवासियों को नहीं दिया गया।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय मार्केट में क्रूड आयल का दाम 78.18 डालर के आसपास है।तब भी भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल और डीजल का मूल्य क्रमशः 106.31₹ और आखिर क्यों है? कांग्रेस पार्टी का मानना हैं कि वर्तमान अंतरराष्ट्रीय मूल्यों की समीक्षा के आधार पर आज देश में पेट्रोल और डीजल का मूल्य क्रमशः 88.31 ₹ और 76.27 ₹ के आसपास होना चाहिए।
कांग्रेस प्रवक्ता विकास श्रीवास्तव ने बताया कि बीते 2 जनवरी को केंद्र सरकार ने पेट्रोलियम, एविएशन टर्बाइन फ्यूल और कच्चे तेल पर विंडफाल टैक्स बढ़ा दिया है। क्रूड आयल पर विंडफाल टैक्स 1700 से बढ़ाकर के 2100₹ ( 25.38 डालर) प्रति टन कर दिया है। डीजल
एक्सपोर्ट टैक्स 5 ₹ से बढ़ा कर 7.5₹प्रति लीटर कर दिया गया है। आज खेद का विषय यह है कि विंडफाल टैक्स लगने के बाद सरकार तो लगातार मुनाफा कमा रही है, परंतु अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के रेट गिरने के बावजूद भारतीयों को आज भी महंगा पेट्रोल और डीजल खरीदना पड़ रहा है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत के रूस से विशेष संबंध के चलते रूसी तेल औसतन $53 से $56 प्रति बैरल की रियायती दरों पर उपलब्ध होने की सूचना है।ऐसे में भारतीय रिफाइनरी को इन दरों में तेल खरीदने में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। अनुभवी विशेषज्ञों के अनुसार भारत आगे भी $60 की सीमा (Cap) के अंदर ही कच्चा तेल खरीद सकता है क्योंकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में अभी लगातार गिरावट हो रही है। आर्थिक समाचार पत्रों और सूत्रों के द्वारा मिली सूचनाओं के अनुसार कच्चे तेल के उत्पादन और निर्यात उत्पादों पर क्रमशः अप्रत्याशित 65,600 करोड़ और 52,700 करोड़ का प्रत्यक्ष मुनाफा होने का अंदाजा लगाया गया है। विंडफाल टैक्स लगाने से भारत सरकार को फायदा हो रहा है। रूसी कच्चे तेल की आवश्यकता का प्रमुख कारण भारत की जनता को भारी महंगाई से मुक्त रखना बताया गया था I लेकिन उसी तेल को भारत की जनता को महंगे दाम पर दिया जा रहा है जो कि अनुचित है।