AMETHI NEWS : प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में 10 गिरफ्तार, चार पुस्तकें बरामद
1 min read
रिपोर्ट – लोक दस्तक संवाददाता
कमरौली पुलिस ने सिंदुरवा रोड स्थित घर पर छापा मारकर की कार्रवाई, मेडिकल, शिक्षा और आर्थिक मदद का भरोसा देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने का आरोप
अमेठी, उप्र ।
जिले के कमरौली थाना क्षेत्र में कथित तौर पर प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने के मामले में पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित अनुसूचित जाति के महिलाओं और पुरुषों को रुपये, मेडिकल सुविधा और शिक्षा में मदद का भरोसा देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान मौके से धर्म परिवर्तन से संबंधित चार पुस्तकें भी बरामद हुई हैं।
पुलिस के मुताबिक, 22 नवंबर को दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर के पुजारी कोठी पालपुर निवासी अश्वनी पाण्डेय ने कमरौली थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोग अनुसूचित जाति के लोगों को प्रलोभन देकर सामूहिक रूप से हिंदू धर्म से ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने 10 नामजद व अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/5(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
मामले में कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम सक्रिय हुई। रविवार को क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना दिनेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में कमरौली पुलिस आरोपित राजकुमार के घर पहुंची।
वहां 20 से 25 लोग मौजूद मिले। पूछताछ और तलाशी के दौरान पुलिस ने 10 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से धर्म परिवर्तन से संबंधित चार पुस्तकें बरामद की गईं।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपितों ने रिवाइवल चर्च के माध्यम से रुपये, चिकित्सा और पढ़ाई जैसी सुविधाएं दिलाने का भरोसा देकर लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने की बात बताई।
पुलिस के अनुसार, आरोपित इससे पहले भी राजकुमार के माध्यम से कुछ लोगों का धर्म परिवर्तन करा चुके हैं। आरोपित देश के विभिन्न राज्यों में भ्रमण कर धर्म प्रचार करते हैं और तमिलनाडु, झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, पंजाब तथा उत्तराखंड में सक्रिय बताए गए हैं।
ये हैं गिरफ्तार आरोपियों की सूची
गिरफ्तार आरोपितों में अमेठी के कमरौली निवासी राजकुमार उर्फ जुऐल और उनकी पत्नी सूर्यकला उर्फ मारथा, महाराष्ट्र निवासी श्रीनिवासन डेनियल, दिव्या डेनियल, रॉयल रॉड्रिक्स और रीता रॉड्रिक्स, उत्तराखंड निवासी महिपाल सिंह बिंद उर्फ विलियम और एलविना बिलियम्स, ओडिशा निवासी प्रकाश राव तथा आजमगढ़ निवासी कन्हैया बिंद उर्फ सैमसन शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



