Amethi/गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह ने जरूरतमंदों को वितरित किए कंबल, मेधावी छात्रा रिया यादव को किया सम्मानित
1 min read
सराय भागमानी में रमेश सिंह सेवा संस्थान की ओर से आयोजित हुआ श्रद्धांजलि एवं सेवा कार्यक्रम, विधायक ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की सहायता करने का दिया संदेश।
-
लोक दस्तक
अमेठी। गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सराय भागमानी में ग्राम प्रधान ललित सिंह के आवास पर रमेश सिंह सेवा संस्थान की ओर से पूजनीय बाबू जी की दसवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि एवं सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधायक राकेश प्रताप सिंह ने जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर ग्राम पंचायत में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली मेधावी छात्रा रिया यादव को सम्मानित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि बाबू जी के त्याग, तपस्या, बलिदान और उनके सहज-सरल स्वभाव को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनकी स्मृति में शीतलहर शुरू होने से पहले जरूरतमंदों को कंबल वितरित करने का कार्य सराहनीय एवं प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को जरूरतमंदों और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए।

इस दौरान श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी किया गया। वहीं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ग्राम पंचायत में प्रथम स्थान हासिल करने वाली मेधावी छात्रा रिया यादव को संस्थान की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
ग्राम प्रधान ललित सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं लाभार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। संस्थान के पदाधिकारियों ने कहा कि बाबू जी की स्मृति में समाजसेवा, शिक्षा और जनकल्याण से जुड़े कार्य निरंतर जारी रहेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, संस्कार और शिक्षा को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान ललित सिंह, रवि मिश्रा, रिंकू शुक्ला, सोनू सिंह, रणवीर सिंह, बंटी सिंह, रामराज सिंह, योगेंद्र प्रताप सिंह, हरिश्चंद्र शुक्ला सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



