Lok Dastak

Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi.Lok Dastak

अमेठी में जनपद स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन, लोक कला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से युवाओं ने मोहा मन:

1 min read
Spread the love

विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग 2026-27 के तहत आयोजित हुईं विभिन्न प्रतियोगिताएं, लोकगीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन और पेंटिंग में प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर

नशामुक्त युवा, विकसित भारत का दिया संदेश, विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मिला सम्मान

  • लोक दस्तक

अमेठी। युवाओं में भारतीय संस्कृति, लोक कला, लोक संगीत एवं पारंपरिक विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सोमवार को मनीषी महिला महाविद्यालय, गौरीगंज में जनपद स्तरीय युवा उत्सव एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग 2026-27 के अंतर्गत संपन्न हुआ। इसमें जनपद के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी शशांक चौधरी, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, शिक्षाविद् जगदम्बा प्रसाद त्रिपाठी, जिला युवा कल्याण अधिकारी मयंक पटेल, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी रागिनी पाण्डेय, निधि श्रीवास्तव एवं रीना वर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

युवा उत्सव के अंतर्गत सांस्कृतिक विधाओं में लोकगीत समूह, लोकनृत्य समूह, नुक्कड़ नाटक समूह, कविता लेखन एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी कला, विचारों और रचनात्मकता को प्रस्तुत करने का अवसर मिला। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भारतीय लोक संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ना, विलुप्त होती लोक कलाओं और रीति-रिवाजों को प्रोत्साहित करना तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति नई पीढ़ी को जागरूक करना रहा।

प्रतियोगिताओं के दौरान छात्र-छात्राओं ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। विशेष रूप से नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रतिभागियों ने ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ का संदेश दिया। नाटक के जरिए नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

 

प्रतियोगिताओं के परिणामों में लोकगीत समूह प्रतियोगिता में जे.एन. मौर्य इंटर कॉलेज, मुबारकपुर, जगदीशपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि जय प्रकाश सर्वोदय बालिका विद्यालय ने द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल किया। लोकनृत्य प्रतियोगिता में मनीषी महिला महाविद्यालय ने प्रथम, जीजीआईसी गौरीगंज ने द्वितीय तथा जीजीआईसी जगदीशपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, पेंटिंग प्रतियोगिता में मंशा कुमारी प्रथम, शिवांशी द्वितीय तथा समृद्धि तृतीय स्थान पर रहीं।

जनपद स्तरीय युवा उत्सव ने युवाओं को अपनी सांस्कृतिक पहचान से जुड़ने, प्रतिभा निखारने और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता व्यक्त करने का बेहतर मंच प्रदान किया। ऐसे आयोजन युवाओं में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान विकसित करने के साथ ही विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. रमेश सिंह ने किया।

प्रमुख खबरे

Copyright ©2022 All rights reserved | For Website Designing and Development call Us:-8920664806
Translate »