AMETHI UPDATE : राष्ट्रीय एकता दिवस पर एकता दौड़ का आयोजन, एसपी सरवनन टी. ने दिलाई एकता-अखंडता की शपथ
1 min read
लोक दस्तक संवाददाता
सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर पुलिस विभाग ने आयोजित किए कार्यक्रम, अधिकारियों और कर्मचारियों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा
अमेठी, उप्र ।
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को जनपद अमेठी में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस मौके पर पुलिस विभाग की ओर से एकता दौड़ का आयोजन किया गया तथा पुलिस कार्यालय गौरीगंज में राष्ट्र की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मुख्यालय स्तर पर नवीन पुलिस लाइन गौरीगंज से कस्बा गौरीगंज स्थित फ्लाईओवर तक एकता दौड़ आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवनन टी. ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
एकता दौड़ का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के बीच एकजुटता की भावना को मजबूत करना तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के अखंड भारत के सपने के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों के मन में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना जागृत करने का संदेश दिया गया।
इसके अतिरिक्त पुलिस कार्यालय गौरीगंज में आयोजित शपथ समारोह में पुलिस अधीक्षक सरवनन टी. ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह तथा पुलिस कार्यालय में नियुक्त अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
एकता दौड़ एवं अन्य कार्यक्रमों में क्षेत्राधिकारी गौरीगंज अखिलेश वर्मा, क्षेत्राधिकारी अमेठी श्वेताभ भास्कर, प्रतिसार निरीक्षक, महिला थाना पुलिस, थाना गौरीगंज पुलिस, पुलिस कार्यालय तथा नवीन पुलिस लाइन गौरीगंज के अधिकारी-कर्मचारियों ने सहभागिता की।
इस प्रकार राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस विभाग ने देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को बनाए रखने का संदेश दिया।



