Selection : टीम में बॉलिंग का जौहर दिखाएगी तराई की बेटी
1 min read


रिपोर्ट – अब्दुल खबीर
बहराइच, उप्र ।
तराई की माटी में कितना हुनर है इसका उदाहरण तराई की बेटी नुपूर पांडेय ने पेश किया है। अपनी धारदार बॉलिंग से बल्लेबाजों का विकेट चटकाने वाली नानपारा निवासी नुपूर का चयन यूपी अंडर-19 महिला टीम में हुआ है। नुपूर नौ अक्तूबर से बीसीसीआई द्वारा आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में अपनी बॉलिंग का जौहर दिखाएंगी।
नानपारा तहसील के भग्गापुरवा निवासी नुपूर का बचपन से ही क्रिकेट में मन लगता था। नुपूर अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बालकों के साथ भी क्रिकेट खेलती थी। नुपूर की मां रुचि पांडेय ने बताया कि नुपूर का जन्म 2011 में हुआ और वह सआदत इंटर कॉलेज के मैदान में क्रिकेट का अभ्यास करती रही।
उनकी प्रतिभा को देखते हुए आर्थिक तंगी के बीच हम सभी ने नुपूर के सपने को पूरा करने का ठान लिया और नुपूर भी मेहनत में पीछे नहीं हटी। निजी कंपनी में कार्यरत पिता नीरज पांडेय ने बताया कि नुपूर ने अपनी मेहनत से हम सब का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।
मुंबई के लिए रवाना हुई नुपूर
जिला क्रिकेट एसोसिएशन बहराइच के फाउंडर इशरत महमूद खान ने बताया कि नूपुर मंगलवार को मुंबई के लिए रवाना हो गई। उन्होंने बताया कि नुपूर का चयन उत्तर प्रदेश की 20 सदस्यीय अंडर- 19 महिला टीम के लिए हुआ है। नुपूर नौ अक्तूबर से खेलेंगी।
सचिव व कोच को दिया सफलता का श्रेय
नुपूर ने बातचीत के दौरान अपनी सफलता का श्रेय सचिव इशरत महमूद खान और कोच आसिफ रजा को दिया। उन्होंने बताया कि उनकी मेहनत के साथ-साथ इन दोनों ने उनके सपनों को पंख लगाने का काम किया। नुपूर ने अपने माता-पिता के योगदान को भी श्रेय दिया।

