SULTANPUR NEWS : सुल्तानपुर शिक्षक दंपति हत्याकांड: शव रखकर शिक्षकों का प्रदर्शन, आश्वासन के बाद हुआ अंतिम संस्कार
1 min read


रिपोर्ट -लोक दस्तक संवाददाता
48 घंटे में हत्यारों की गिरफ्तारी, परिजनों की सुरक्षा के आश्वासन पर माने शिक्षक नेता और परिजन
एमएलसी देवेंद्र सिंह ने पीड़ित परिजनों से की मुलाकात, 48 घंटे में खुलासे की मांग
सुल्तानपुर, उप्र ।
कादीपुर क्षेत्र में शिक्षक दंपति की हत्या के बाद बुधवार को माहौल गम और आक्रोश से भर गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों और शिक्षक संगठनों ने दोनों के शव कादीपुर-धोपाप मार्ग पर धोपाप पुल से पहले रखकर धरना दिया। इस दौरान सड़क पर आवागमन बाधित रहा।

इसी बीच एमएलसी देवेंद्र सिंह ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
शिक्षक दंपति की हत्या से आक्रोशित शिक्षक संगठनों और परिजनों ने हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी तथा घटना का शीघ्र खुलासा किए जाने की मांग की। सूचना मिलने पर सीओ कादीपुर विनय गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और धरनारत लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग अपनी मांगों पर डटे रहे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी बृज नारायण सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और शिक्षक संघ के पदाधिकारियों से वार्ता कर भरोसा दिलाया कि पुलिस 48 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पूरी गंभीरता से प्रयास कर रही है। पुलिस के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ और परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।
बेटे ने दी माता-पिता को मुखाग्नि

इसके बाद धोपाप घाट पर शिक्षक दंपति का अंतिम संस्कार किया गया। बेटे ने अपने माता-पिता को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक, परिजन और स्थानीय लोग मौजूद रहे। माहौल बेहद गमगीन रहा।
मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मृतक शिक्षक मुकेश सिंह के भाई की तहरीर पर कादीपुर कोतवाली में अज्ञात हत्यारोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।
शिक्षक संगठनों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। अब पुलिस की जांच और कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

