Diwali Greetings : जिलाधिकारी ने दी दीपावली, भैया दूज और छठ की बधाई
1 min read
लोक दस्तक संवाददाता
सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल तरीके से त्योहार मनाने की अपील, पटाखे जलाते समय विशेष सावधानी बरतने का किया आग्रह
अमेठी, उप्र।
जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने जनपद के समस्त नागरिकों को दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भाई दूज के पावन पर्वों की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने शुभकामना संदेश में उन्होंने कहा कि प्रकाश, उमंग, उल्लास एवं खुशियों के प्रतीक ये पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य लेकर आएं।
माँ लक्ष्मी की कृपा से प्रत्येक घर-आंगन खुशियों से आलोकित हो तथा जनपद में प्रेम, सौहार्द, आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सद्भाव की भावना और अधिक मजबूत हो। जिलाधिकारी ने कहा कि दीपावली का पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर, निराशा से आशा की ओर तथा असत्य से सत्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि सभी लोग इन पर्वों को आपसी प्रेम, सौहार्द एवं उल्लास के साथ मनाएं और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखें। उन्होंने आतिशबाजी के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि पटाखे हमेशा खुले एवं सुरक्षित स्थानों पर ही जलाएं।
बच्चों को पटाखे जलाते समय अकेला न छोड़ें तथा किसी बड़े व्यक्ति की निगरानी में ही आतिशबाजी करने दें। पटाखों को ज्वलनशील पदार्थों, वाहनों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों से दूर रखें। पटाखे जलाने के लिए लंबी अगरबत्ती अथवा फुलझड़ी का प्रयोग करें तथा उन्हें हाथ में रखकर न जलाएं।
जलते हुए पटाखों के पास झुककर न देखें और जो पटाखे नहीं जलते हैं, उन्हें दोबारा जलाने का प्रयास न करें। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचाव के लिए प्राथमिक उपचार एवं अग्निशमन की व्यवस्था भी सुनिश्चित रखें। जिलाधिकारी ने वृद्धजनों, बच्चों, बीमार व्यक्तियों एवं पशु-पक्षियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि तेज आवाज वाले पटाखों से परहेज करें तथा वायु एवं ध्वनि प्रदूषण को कम करने में अपना योगदान दें। त्योहारों को पर्यावरण अनुकूल तरीके से मनाते हुए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने में सभी नागरिक अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
अंत में जिलाधिकारी ने जनपदवासियों के सुख, समृद्धि, खुशहाली एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं, सुरक्षा को प्राथमिकता दें और एक स्वच्छ, सुरक्षित एवं प्रदूषणमुक्त जनपद के निर्माण में सहभागी बनें।



