Lok Dastak

Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi.Lok Dastak

चोरी की मोटरसाइकिल के साथ वाहन चोर गिरफ्तार, दो दिन पहले बैंक के पास से उड़ाई थी बाइक

1 min read
Spread the love

चोरी की मोटरसाइकिल के साथ वाहन चोर गिरफ्तार

लोक दस्तक ब्यूरो

अमेठी। जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत फुरसतगंज पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद बाइक दो दिन पहले कस्बे स्थित ग्रामीण बैंक के पास से चोरी की गई थी।

पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में जनपद भर में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच के साथ अपराधियों की धरपकड़ की जा रही है। इसी क्रम में संचालित अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के अंतर्गत क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश कुमार मिश्र के निकट पर्यवेक्षण में थाना फुरसतगंज की टीम ने कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल सवार एक युवक को पकड़ा।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकेश पुत्र हीरालाल, निवासी ग्राम पूरे आधार केसरी, मजरे पीढ़ी, थाना फुरसतगंज, जनपद अमेठी के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 19 वर्ष बताई गई है। तलाशी एवं वाहन संबंधी जांच के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल संख्या यूपी 36 एक्स 7904 बरामद की। वाहन के वैध कागजात मांगे जाने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उक्त मोटरसाइकिल चोरी की है। उसने बताया कि करीब दो दिन पूर्व फुरसतगंज कस्बे में स्थित ग्रामीण बैंक के पास से बाइक चोरी की थी। इसके बाद वह उसे लेकर घूम रहा था। वाहन की जांच करने पर पता चला कि इसकी चोरी के मामले में थाना फुरसतगंज में मुकदमा अपराध संख्या 120/26, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत पहले से प्राथमिकी दर्ज है।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को वाहन चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Copyright ©2022 All rights reserved | For Website Designing and Development call Us:-8920664806
Translate »