PM India/पीएम किसान की 24वीं किस्त जारी, अमेठी के 2.47 लाख किसानों के खातों में पहुंची धनराशि
1 min read
पीएम किसान उत्सव दिवस पर अमेठी के 2,47,430 किसानों के खातों में पहुंची 24वीं किस्त
विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 130 प्रगतिशील किसानों ने किया प्रतिभाग, प्रधानमंत्री के उद्बोधन का हुआ सजीव प्रसारण
लोक दस्तक/Amethi
अमेठी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत जनपद अमेठी के 2,47,430 किसानों के बैंक खातों में शुक्रवार को 24वीं किस्त की धनराशि सीधे डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से हस्तांतरित की गई। इस अवसर पर जनपद में हर्षोल्लास के साथ पीएम किसान उत्सव दिवस मनाया गया।
गुजरात के बनासकांठा में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के करोड़ों किसानों को संबोधित किया। उन्होंने कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने, किसानों की आय बढ़ाने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
इसी क्रम में जनपद स्तर पर विकास भवन सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 130 प्रगतिशील किसानों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के उद्बोधन का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित किसानों ने उत्साहपूर्वक देखा और सुना।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप कृषि निदेशक सत्येंद्र कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना देश के अन्नदाताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने वाली महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने तथा आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए भी प्रेरित किया।

कार्यक्रम में शामिल किसानों ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की किस्त सीधे बैंक खातों में प्राप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। किसानों ने कहा कि समय पर मिलने वाली यह आर्थिक सहायता रबी फसलों की बुवाई के दौरान बीज, खाद एवं अन्य कृषि निवेशों की व्यवस्था करने में सहायक होगी। किसानों ने योजना को खेती-किसानी की आवश्यकताओं के लिए उपयोगी बताते हुए केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, आधुनिक कृषि पद्धतियों और टिकाऊ खेती के उपायों के प्रति जागरूक भी किया गया।
कार्यक्रम में जिला कृषि अधिकारी देवेंद्र सिंह निरंजन, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा रामप्रसाद मिश्र सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा जनपद के प्रगतिशील एवं सम्मानित किसान उपस्थित रहे।



