Lok Dastak

Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi.Lok Dastak

ROAD ACCIDENT : तेज रफ़्तार ट्रक खड़ी बस में घुसा, दो चालकों की मौत पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा, तीन यात्री गंभीर

1 min read
Spread the love

 

रिपोर्ट – विजय शुक्ला 

अमेठी, उप्र ।

जिले के शुकुल बाजार क्षेत्र के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के ट्रक की टक्कर से डबल डेकर बस के दो चालकों की मौत हो गई। हादसे में तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद तिलोई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हादसा बाराबंकी जिले के सुबेहा थाना क्षेत्र में हुआ।

दिल्ली से बिहार जा रही डबल डेकर बस शनिवार सुबह करीब पांच बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किमी 52.7 पर खड़ी थी। दोनों चालक बस के पीछे के टायर की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में बस चालक अक्षय कुमार यादव (25) निवासी जठीय, थाना खुदौना, मधुबनी, बिहार और बीरचंद्र राय (45) निवासी करहरिया बुजुर्ग, थाना गुरौल, बिहार की मौके पर ही मौत हो गई। बस में करीब 80 यात्री सवार थे।

हादसे में राहुल मंडल (24) निवासी डेडवा, अररिया, अजय कुमार बिंद (24) निवासी परसौनी, गोपालगंज और मदन कुमार (40) निवासी छत्तापुर, सुपौल, बिहार घायल हो गए।

तीनों को सीएचसी बाजार शुकुल लाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तिलोई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं डब्लू (30) निवासी परसौली, गोपालगंज को भी चोटें आईं।

प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर उन्हें घर भेज दिया गया। थानाध्यक्ष गजेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि हादसा सुबेहा थाना क्षेत्र में हुआ है। मामले में स्थानीय पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Copyright ©2022 All rights reserved | For Website Designing and Development call Us:-8920664806
Translate »