Lok Dastak

Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi.Lok Dastak

BIG NEWS : अमेठी में तैनात महिला कांस्टेबल की कानपुर में संदिग्ध मौत, पिता ने घटना पर उठाए सवाल !

1 min read
Spread the love

 

रिपोर्ट – लोक दस्तक संवाददाता 

सात दिन की छुट्टी लेकर घर पहुंची थीं प्रतीक्षा सिंह, दूसरी मंजिल के कमरे में फंदे से लटका मिला शव

अमेठी/कानपुर।

अमेठी जिले के मोहनगंज कोतवाली में तैनात 22 वर्षीय प्रशिक्षु महिला कांस्टेबल प्रतीक्षा सिंह की कानपुर स्थित घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव घर की दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे में फंदे से लटका मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, मृतका के पिता ने मोहनगंज थाने में हुई घटना को लेकर सवाल उठाए हैं, जिससे मामले को लेकर कई आशंकाएं सामने आ रही हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रतीक्षा सिंह मूलरूप से कानपुर के रेउना क्षेत्र की रहने वाली थीं। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उनकी पहली तैनाती अमेठी जिले के मोहनगंज कोतवाली की महिला हेल्प डेस्क पर हुई थी। बताया जा रहा है कि वह सात दिन की छुट्टी लेकर अपने घर गई थीं। इसी दौरान उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

पिता ने घटना को लेकर उठाये सवाल 

मृतका के पिता विजय सिंह वैस ने आरोप लगाया है कि ड्यूटी के दौरान ऐसा क्या हुआ था कि जब से घर आई तउसके बाद से वह मानसिक तनाव में थीं। पिता के मुताबिक, घर लौटने के दौरान प्रतीक्षा ने अपनी छोटी बहन को फोन कर तनाव में होने की बात भी बताई थी।परिजनों ने मृतका का मोबाइल फोन रीसेट मिलने का भी दावा किया है। इन परिस्थितियों को लेकर परिवार ने मामले की गहन जांच की मांग उठाई है।

थाना प्रभारी ने दी जानकारी

इस संबंध में मोहनगंज थाना प्रभारी राकेश सिंह ने बताया कि महिला आरक्षी प्रतीक्षा सिंह मोहनगंज थाने में तैनात थीं और छुट्टी लेकर अपने घर गई हुई थीं। इसी दौरान उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना प्राप्त हुई है।

घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल, पिता द्वारा लगाए गए आरोपों और मोबाइल फोन रीसेट मिलने के दावे को लेकर भी जांच की आवश्यकता है।

Copyright ©2022 All rights reserved | For Website Designing and Development call Us:-8920664806
Translate »