ROAD ACCIDENT : सड़क हादसे में बाल-बाल बचीं जिला पंचायत अध्यक्ष
1 min read


रिपोर्ट – लोक दस्तक संवाददाता
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा: सुल्तानपुर जिला पंचायत अध्यक्ष उषा सिंह की गाड़ी पलटी, बाल-बाल बचीं
लखनऊ, उप्र ।
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से नोएडा जा रही सुल्तानपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह की फॉर्च्यूनर कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में जाकर पलट गई।
हादसे के वक्त क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। कार में ऊषा सिंह समेत कुल 5 लोग सवार थे, जो अंदर ही फंस गए। गनीमत रही कि हादसे में जिला पंचायत अध्यक्ष बाल-बाल बच गईं, उनके हाथ में मामूली चोट आई है और वे खतरे से बाहर हैं।
तेज बारिश और रफ्तार बनी हादसे की वजह
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे एक्सप्रेसवे के किलोमीटर-171 (तालग्राम इलाका) के पास यह दुर्घटना हुई। तेज बारिश के कारण चालक विकास यादव गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा। फॉर्च्यूनर कार बेकाबू होकर डिवाइडर की करीब 20 मीटर फेंसिंग को तोड़ती हुई दूसरी साइड चली गई और रोड पर पलट गई। कार के दरवाजे लॉक हो जाने के कारण सभी लोग गाड़ी के भीतर ही कैद हो गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
यूपी पुलिस के सिपाही दंपत्ति ने राइफल से शीशा तोड़ बचाई जान
हादसे के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे यूपी पुलिस के जांबाज सिपाहियों ने देवदूत बनकर सबकी जान बचाई। आशा ज्योति केंद्र कन्नौज में तैनात महिला कांस्टेबल अर्चना सिंह और उनके पति सिपाही अमित तेवतिया ने जैसे ही पलटी कार देखी, उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रोकी। कार लॉक होने की वजह से अमित तेवतिया ने तत्परता दिखाते हुए अपनी सर्विस राइफल की बट से कार का शीशा तोड़ा और अंदर फंसे सभी 5 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
अस्पताल में भर्ती, हालत सामान्य
हादसे में घायल जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह, उनके गनर अरविंद कुमार और आयुष वर्मा को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है।
बता दें कि ऊषा सिंह सुल्तानपुर के बल्दीराय ब्लॉक प्रमुख शिव कुमार सिंह की पत्नी हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही उनके समर्थकों और शुभचिंतकों ने राहत की सांस ली।

