AMETHI NEWS : थाना समाधान दिवस में डीएम व एसपी ने सुनीं जन शिकायतें
1 min read


रिपोर्ट – लोक दस्तक संवाददाता
अमेठी, उप्र ।
जन समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से माह के चतुर्थ शनिवार को जनपद के सभी थानों में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसी क्रम में जिलाधिकारी शशांक चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने थाना गौरीगंज पहुंचकर समाधान दिवस में आमजन द्वारा प्रस्तुत शिकायतों एवं समस्याओं की सुनवाई की।
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं थाना प्रभारी को प्राप्त प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को त्वरित राहत मिल सके।
जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने कहा कि शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित रखना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक प्रकरण की मौके पर जाकर तथ्यात्मक जांच की जाए तथा नियमानुसार न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर शीघ्र निस्तारण करना है, ताकि लोगों को विभिन्न कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने भी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि राजस्व एवं पुलिस विभाग से संबंधित मामलों में आपसी समन्वय स्थापित कर शिकायतों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि एवं न्यायसंगत कार्रवाई प्रशासन की प्राथमिकता है।
समाधान दिवस के दौरान भूमि विवाद, राजस्व संबंधी मामलों, पारिवारिक विवादों तथा पुलिस विभाग से जुड़े विभिन्न प्रकरणों की सुनवाई की गई। अधिकारियों ने संबंधित मामलों के निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी गौरीगंज दिशा श्रीवास्तव, थाना प्रभारी गौरीगंज रवि कुमार सिंह सहित राजस्व, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

